विदाई के बाद दुल्हन की कार रोकी, युवक ने प्रेमी बताकर किया हंगामा

पुलिस पहुंची, थाने में दिनभर चली पंचायत, शांतिभंग में चालान

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में शादी के बाद विदाई के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है। दुल्हन की कार को कुछ युवकों ने रास्ते में रोक लिया। एक युवक ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की जिद की। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अयोध्या से आई थी बारात

अयोध्या के गोसाईंगंज क्षेत्र के नया बारा गांव से बुधवार को बारात अलीगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर रज्जीपुर गांव पहुंची थी। रात भर विवाह की सभी रस्में पूरी हुईं। गुरुवार सुबह विदाई के बाद दूल्हा दुल्हन को कार से लेकर ससुराल के लिए निकला।

रास्ते में रोकी गई कार

घर से कुछ दूरी पर ही बाइक सवार युवक पहुंच गए। उन्होंने कार के आगे बाइक लगाकर वाहन रोक लिया। इस दौरान एक युवक ने दुल्हन को अपना प्रेम संबंध बताते हुए साथ ले जाने की कोशिश की।

दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुट गए। विवाद बढ़ने पर जमकर हंगामा हुआ।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां दिनभर पंचायत चलती रही। मामले को लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई।

समझौते के बाद मामला शांत

दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। सामान का लेन-देन भी किया गया। पुलिस ने गोविंदपुर गांव निवासी आरोपित रणविजय के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की।

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। आरोपी युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button