देश : तुर्किये की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग माफिया सालिम डोला को इस्तांबुल से गिरफ्तार कर लिया है। भारतीय एजेंसियों ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है और इसे अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का बड़ा खिलाड़ी
जांच एजेंसियों के मुताबिक सलीम डोला लंबे समय से सिंथेटिक ड्रग्स के वैश्विक नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके तार कई देशों तक फैले हुए थे और उसका कनेक्शन दाऊद इब्राहिम के गिरोह से भी जुड़ा बताया जा रहा है।
दुबई से चलाता था पूरा सिंडिकेट
सलीम डोला को दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि वह दुबई से अपने पूरे नेटवर्क को संचालित करता था। भारत में भी उसका एक सक्रिय चैनल था, जो ड्रग्स सप्लाई पर नियंत्रण रखता था।
परिवार पर पहले ही कसी जा चुकी है नकेल
मुंबई पुलिस और एजेंसियों ने पहले ही उसके नेटवर्क पर कार्रवाई शुरू कर दी थी। 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था, जिससे उसके नेटवर्क को बड़ा झटका लगा था।
इनामी अपराधी पर था रेड कॉर्नर नोटिस
NCB ने सलीम डोला पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
भारत लाने की तैयारी शुरू
अधिकारियों के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी के बाद अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि कानूनी प्रक्रियाओं के चलते इसमें समय लग सकता है।
अंडरवर्ल्ड के खिलाफ बड़ी कामयाबी
विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क और अंडरवर्ल्ड के खिलाफ एक बड़ा झटका है। इससे भारत में चल रहे ड्रग तस्करी नेटवर्क पर भी असर पड़ सकता है।









