
- मिशन शक्ति फेस-5 के तहत जागरूकता कार्यक्रम
- कॉलेज में छात्र-छात्राओं को दी सुरक्षा की जानकारी
- साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी पर विशेष फोकस
अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश शासन की मिशन शक्ति फेस-5 (द्वितीय चरण) योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी ने बीएनकेबी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्तमान समय में शारीरिक सुरक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा भी जरूरी है। सोशल मीडिया के उपयोग में सावधानी बरतने और किसी भी फर्जी आईडी या संदिग्ध गतिविधि से बचने की सलाह दी गई।
साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी पर विशेष जानकारी
छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंकिंग ठगी, ओटीपी शेयरिंग और लिंक फ्रॉड के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने पर जोर दिया गया।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर बताए गए
कार्यक्रम में आपातकालीन सेवाओं से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 112 पुलिस सहायता, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन शामिल रहे।
शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में बिना डर पुलिस सहायता लें और महिलाओं व बालिकाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं।









