
- घर के बाहर सो रही महिला पर तेंदुए का हमला
- गर्दन दबोचकर 50 मीटर दूर खेत में ले गया
- ग्रामीणों ने पीछा किया, लेकिन तेंदुआ भाग निकला
- आधे घंटे बाद खेत में मिला महिला का शव
लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां घर के बाहर चारपाई पर सो रही एक महिला को तेंदुए ने हमला कर उठाकर ले गया और उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, साहिंजना गांव निवासी माता प्रसाद (35) अपनी पत्नी संध्या देवी (32) और परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात संध्या देवी अपने तीन वर्षीय बेटे को खाना खिलाने के बाद घर के बाहर चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो गई थीं। इसी दौरान देर रात अचानक तेंदुआ वहां पहुंचा और उन्हें चारपाई से खींचकर अपने जबड़े में दबोचते हुए खेतों की ओर ले गया।
महिला की चीख सुनकर पति और आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए का पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के खेतों और झाड़ियों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
करीब आधे घंटे की तलाश के बाद महिला का शव घर से लगभग 50 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। तेंदुए ने महिला की गर्दन को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को रखकर धरना शुरू कर दिया और मांग की कि जब तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं होने दिया जाएगा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।









