
- जबरन मीटर लगाने और पुलिस धमकी का आरोप
- बिजली बिल 500 से बढ़कर 2000 तक पहुंचने का दावा
- तीन घंटे बाद आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
लखनऊ। राजधानी के इंदिरा नगर स्थित पावर हाउस में सोमवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साई महिलाओं ने पावर हाउस का घेराव करते हुए मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और असिस्टेंट इंजीनियर के चैम्बर में धरने पर बैठ गईं। हालात ऐसे बने कि अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर छोड़कर बाहर निकल गए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं AIDWA की मधु गर्ग ने आरोप लगाया कि पुलिस की धमकी देकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि पहले जहां बिजली का बिल करीब 500 रुपये आता था, वहीं अब 1500 से 2000 रुपये तक पहुंच गया है, जिससे घर का बजट बिगड़ गया है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर 10 हजार रुपये जुर्माने और पुलिस कार्रवाई की धमकी दी जाती है। प्रदर्शनकारियों ने अडानी कंपनी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह व्यवस्था लोगों को परेशान करने वाली है और इसे तुरंत हटाया जाना चाहिए।
दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में महिलाएं इंदिरा नगर सेक्टर-25 स्थित पावर हाउस पहुंचीं और करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान किसी को भी दफ्तर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।









