
अंबेडकरनगर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह आसमान साफ और धूप तेज थी, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई और देखते ही देखते बारिश तेज हो गई।थोड़ी ही देर की बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी।
नालियां ओवरफ्लो, कई मोहल्लों में जलभराव
तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नाले और नालियां ओवरफ्लो हो गईं, जिससे सड़कों पर पानी भर गया।कई मोहल्लों में लोग दिनभर घरों में ही रहने को मजबूर हो गए। जलनिकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण पानी तेजी से बाहर नहीं निकल सका।
टांडा और अयोध्या मार्ग पर लगा जाम
बारिश के दौरान टांडा और अयोध्या मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई और लोग परेशान होते रहे।इसी समय स्कूलों की छुट्टी होने से बच्चों की आवाजाही बढ़ गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
दो फीट पानी में फंसे वाहन, कई बंद हुए
शहर के कई हिस्सों में सड़क किनारे करीब दो फीट तक पानी भर गया। इस कारण कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। साइलेंसर में पानी जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत हुई।
कलेक्ट्रेट मार्ग पर घुटनों तक पानी
कलेक्ट्रेट को जाने वाला मुख्य मार्ग भी पानी से लबालब हो गया। इस मार्ग पर डीएम कार्यालय, सीएमओ, जिला अस्पताल, विकास भवन और दीवानी न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया।लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ा।
रेलवे और बस स्टेशन क्षेत्र भी प्रभावित
बारिश का असर रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन क्षेत्र में भी देखा गया। यहां भी जलभराव के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।









