
- अंबेडकरनगर में रेलवे अलर्ट
- 43°C तापमान के चलते बढ़ी सतर्कता
- 150 किमी ट्रैक पर 25 पेट्रोलिंग टीमें
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर मे बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने के कारण रेलवे ट्रैक के फैलने और तकनीकी खराबी की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी शुरू की गई है।
बाराबंकी-जाफराबाद रेल खंड पर अकबरपुर स्टेशन के आसपास करीब 150 किलोमीटर क्षेत्र में ट्रैक की सुरक्षा के लिए 25 पेट्रोलिंग टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में दो कर्मचारी शामिल हैं।
हर दो किलोमीटर पर निगरानी टीम
रेलवे की ओर से हर दो किलोमीटर पर एक टीम की तैनाती की गई है। यह टीमें अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार ट्रैक की स्थिति पर नजर रख रही हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी या खतरे की स्थिति में तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मियों में पटरियां गर्म होकर फैल जाती हैं, जिससे ट्रैक में खिंचाव की स्थिति बन सकती है। इससे रेल संचालन पर असर पड़ने की संभावना रहती है।
वेल्डिंग प्वाइंट और मोड़ों पर विशेष नजर
टीमों को विशेष रूप से ट्रैक के वेल्डिंग प्वाइंट, पुल और मोड़ों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर टूट-फूट या कमजोरी का खतरा अधिक रहता है।
इसके साथ ही रेल मित्रों को भी सतर्क रहने और किसी भी असामान्यता की जानकारी तुरंत देने के लिए कहा गया है।
ट्रैक की क्षमता और रेल संचालन
अकबरपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 33 जोड़ी यात्री ट्रेनें विभिन्न राज्यों के लिए गुजरती हैं। इसके अलावा टांडा क्षेत्र के लिए मालगाड़ियों का भी आवागमन होता है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुरानी पटरियों की तुलना में नई पटरियों की भार क्षमता अधिक है, जिससे सुरक्षा बेहतर हुई है।









