उप परिवहन आयुक्त का औचक निरीक्षण

अंबेडकरनगर। उप परिवहन आयुक्त अयोध्या/बस्ती मंडल राजकुमार सिंह ने अंबेडकरनगर में सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय और शहजादपुर स्थित अवध मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय और प्रशिक्षण स्कूल में कई खामियां सामने आईं। ड्राइविंग स्कूल में खटारा वाहन मिलने पर संचालक को चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि वाहनों को तुरंत ठीक न करने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

कार्यालय में कड़ी समीक्षा
गुरुवार को उप परिवहन आयुक्त के आगमन पर एआरटीओ सतेंद्र कुमार यादव ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने उपस्थिति पंजिका के अवलोकन से की। इसके बाद कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण किया और पटल सहायकों से विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी पाई गई, जिस पर उप परिवहन आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार यदि ऐसी स्थिति पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया गया और पहचान पट्टिकाओं के सही रख-रखाव की सख्त हिदायत दी गई।

पुराने वाहन नीलामी के जरिए निस्तारित करने के निर्देश
कार्यालय परिसर में उप परिवहन आयुक्त ने पुराने सीज वाहनों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने और खराब हालत वाले वाहनों को नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया के तहत निस्तारित किया जाए। इस कदम का उद्देश्य कार्यालय में वाहन प्रबंधन को पारदर्शी और सुरक्षित बनाना बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button