
- मुरादाबाद में छेड़खानी आरोपी का पुलिस एनकाउंटर
- जामा मस्जिद के पास रात में हुई मुठभेड़
- आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
मुरादाबाद। मुरादाबाद में छेड़खानी के आरोपी 45 वर्षीय नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार रात करीब 11 बजे जामा मस्जिद के पास हुई इस कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, नौशाद ने 29 अप्रैल को बुर्का पहने एक महिला के साथ सुनसान गली में छेड़खानी की थी। महिला के विरोध करने पर वह मौके से फरार हो गया था। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान की और उसे पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित की गईं।
Ran Vijay Singh ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी मुगलपुरा थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी के किनारे छिपा हुआ है। पुलिस ने इलाके को घेरकर उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई महिलाओं के साथ अभद्रता कर चुका है, हालांकि किसी ने पहले शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। आरोपी के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस ने पीड़िता को ट्रेस कर उसकी तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई जारी है।









