
आगरा के बसई जगनेर क्षेत्र के सोनी खेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अपने ही खेत से तरबूज तोड़ने गए 13 वर्षीय बच्चे अवनी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
चेहरे पर किए गए कई वार
हमलावरों ने बच्चे के चेहरे पर चाकू से इतने वार किए कि पहचानना मुश्किल हो गया। परिजनों के अनुसार, हमले में उसकी एक आंख तक बाहर आ गई थी, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
खेत में मिला खून से लथपथ शव
शुक्रवार दोपहर अवनी घर से खेत पर तरबूज लेने गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान उसकी बहन ने खेत में उसका खून से लथपथ शव देखा। पास में तरबूज से भरी थैली और चाकू भी पड़ा मिला।
बंटाईदारों पर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि खेत बंटाई पर लेने वाले लोगों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया गया कि खेत में तरबूज की खेती हो रही थी और उसी को लेकर विवाद हुआ।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
मासूम बेटे की हत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है।









