
- सतीश महाना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
- गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर जोड़ने का प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश
- रामादेवी से गोल चौराहा फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने को कहा
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने की। नवीन सभागार में हुई इस बैठक में शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर को जोड़ने का रहा। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को इस संबंध में जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि शहर को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
इसके अलावा, रामादेवी से गोल चौराहा तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया। साथ ही चकेरी एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और जाममुक्त बनाने के निर्देश दिए गए। जाजमऊ से एयरपोर्ट तक सड़क को व्यवस्थित करने, आईटीबीपी नरवल मोड़ पर अंडरपास निर्माण और शहर के प्रमुख मार्गों को दुरुस्त करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
ट्रैफिक सुधार और वैकल्पिक मार्ग पर फोकस
बैठक में एयरपोर्ट के वैकल्पिक मार्ग को भी जाममुक्त बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
सैमसी झील के संरक्षण का आदेश
विधानसभा अध्यक्ष ने सैमसी झील के संरक्षण और सुंदरीकरण के निर्देश भी दिए। जानकारी दी गई कि झील की सफाई का कार्य पीपीपी मॉडल के तहत मत्स्य जीवि सहकारी समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें जलकुंभी हटाने का काम अगले दो महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।









