
- आरपीएफ क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
- नई दिल्ली-लखनऊ शताब्दी से आई पार्सल खेप पकड़ी गई
- 3.84 लाख सिगरेट स्टिक, करीब ₹38.40 लाख की बरामदगी
- पार्सल में फोन कवर-जींस दिखाकर की जा रही थी तस्करी
राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिगरेट तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। टीम ने करीब 38.40 लाख रुपए कीमत की सिगरेट की खेप बरामद की है, जिसे पार्सल के जरिए नई दिल्ली से लखनऊ लाया गया था।
आरपीएफ क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर मुकेश कुमार सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत की गई। टीम ने नई दिल्ली-लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस से आए लीज पार्सल की जांच की, जिसमें कुल 560.2 किलोग्राम वजन की 3.84 लाख सिगरेट स्टिक बरामद हुईं।
जांच में खुलासा हुआ कि तस्करों ने पार्सल में गलत विवरण दर्ज कराकर इस खेप को भेजा था। सिगरेट की जगह पार्सल में फोन कवर, जींस और प्लास्टिक सामान दिखाया गया था, ताकि जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके। जबकि रेलवे में इस तरह सिगरेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने पार्सल गेट के बाहर कार्रवाई की। यहां से आसिफ खान निवासी हुसैनगंज, कैसरबाग को 16 पार्सल पैकेट ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह माल अनुज महेश्वरी नामक व्यक्ति का है। हालांकि, वह किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस, परमिट या प्राधिकार पत्र नहीं दिखा सका।
बरामद सिगरेट का विवरण
आरपीएफ टीम ने मौके से टोजल सुपरमिंट ब्लेंड मास्टर फिल्टर (167.5 किग्रा) और इंप्रेशन क्रश मिंट फिल्टर (392.7 किग्रा) की सिगरेट बरामद की। कुल मिलाकर 3,84,000 सिगरेट स्टिक जब्त की गईं, जिनकी बाजार कीमत लगभग ₹38.40 लाख आंकी गई है।









