बिहार : बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 1 बजे पुल का एक पिलर अचानक ध्वस्त हो गया, जिससे उस पर टिका स्लैब सीधे नदी में जा गिरा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
समय रहते टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने पहले ही पुल पर आवाजाही रोक दी थी। इसी कारण स्लैब गिरने के दौरान कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और लोगों को पुल के पास न जाने की सलाह दी गई है।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय निवासियों के अनुसार, दिन में ही पुल में दरार और क्षति की खबरें सामने आ रही थीं। इसके बावजूद देर रात अचानक बड़ा हिस्सा ढह गया। इस हादसे ने पुल की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन जांच में जुटा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।









