पंजाब : पंजाब में हुए डबल ब्लास्ट के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने धमाकों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्री आनंदपुर साहिब में शुकराना यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी चुनाव से पहले डर और हिंसा का माहौल बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां बीजेपी चुनाव लड़ती है, वहां तनाव और विवाद पैदा किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब शांतिप्रिय राज्य है और यहां के लोग छोटे-मोटे धमाकों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले भी कठिन दौर देख चुका है और यहां के लोग भाईचारे को बनाए रखना जानते हैं। इस मामले पर Bikram Singh Majithia ने भी पंजाब सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य सरकार और पुलिस व्यवस्था की विफलता को दिखाती है। मजीठिया ने आरोप लगाया कि सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ रही है।
उन्होंने दावा किया कि जालंधर धमाके की जिम्मेदारी ‘खालिस्तान लिबरेशन आर्मी’ नामक संगठन ने ली है। उनका कहना था कि बीएसएफ चौक जैसे संवेदनशील इलाके में धमाका होना गंभीर सुरक्षा चूक है। वहीं कांग्रेस नेता Abhishek Dutt ने कहा कि पंजाब एक संवेदनशील राज्य है और यहां राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर काम करना चाहिए।









