सराही झील में 38 सरकारी यूकेलिप्टस पेड़ों की अवैध कटान

वन विभाग की कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पहुंचा उच्चाधिकारियों तक

बाराबंकी। बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र स्थित सराही झील परिसर में सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सराही झील क्षेत्र में 38 सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ों को काटा जा रहा था। अवैध कटान की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि वन कर्मियों ने जब कटान रोकने का प्रयास किया तो लकड़कटों ने विरोध किया और उनसे विवाद करने लगे। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने स्वयं भी घटना का वीडियो बनाया था। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति, वन भूमि और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटान में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button