70 साल पुरानी छत गिरने से किसान और मवेशी की मौत

बिधनू काठारा गांव में सुबह हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

कानपुर। कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र स्थित काठारा गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। 70 साल पुरानी मकान की ईंटों से बनी बरामदे की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें एक किसान और एक मवेशी की दबकर मौत हो गई।

सुबह सोते समय हुआ हादसा

काठारा निवासी 65 वर्षीय किसान श्रवण कुमार सिंह चंदेल सुबह करीब 5 बजे अपने मकान के आगे बने बरामदे में सो रहे थे। उनके पास ही एक मवेशी भी बंधा हुआ था। इसी दौरान अचानक पुरानी छत गिर गई और दोनों मलबे में दब गए।

परिवार के सामने मचा चीख-पुकार

घटना के समय परिवार के सदस्य घर के पीछे वाले कमरों में सो रहे थे। जोरदार आवाज सुनकर सभी बाहर भागे। जब उन्होंने मलबा देखा तो किसान और मवेशी दोनों दबे हुए थे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

70 साल पुराना मकान बना हादसे की वजह

परिजनों के अनुसार मकान का आगे का हिस्सा करीब 70 साल पुराना था और उस पर ईंटों की छत बनी हुई थी। परिवार ने बताया कि इसी वर्ष इसे गिराकर आरसीसी छत बनाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

परिवार में कोहराम

किसान की मौत की खबर मिलते ही पत्नी मुन्नी देवी गश खाकर गिर पड़ीं। बेटे नितुल और बहू मधू समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है।

पुलिस को नहीं मिली सूचना

थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को अभी तक औपचारिक रूप से नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button