जिला अस्पताल परिसर में युवक का शव फंदे से लटका मिला

अंबेडकरनगर। अकबरपुर स्थित जिला अस्पताल परिसर में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान 29 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है। वह जिला अस्पताल में तैनात सीनियर वार्ड मास्टर बांके प्रसाद के पुत्र थे। घटना अस्पताल परिसर में स्थित आवास के एक कमरे की है।

परिजनों के अनुसार, पवन शनिवार रात भोजन के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों को शक हुआ। आवाज देने के बाद भी प्रतिक्रिया न मिलने पर खिड़की से देखा गया, जहां पवन का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। मौके की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

बताया गया कि पवन कानपुर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और शुक्रवार को ही घर लौटा था। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button