
जलालपुर, अंबेडकरनगर। बरात में शामिल हुए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से बरात में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर के प्रतापपुर कला गांव निवासी राधेश्याम निषाद के पुत्र की शादी गुरुवार को थी। बरात आजमगढ़ के महाराजगंज क्षेत्र के भीलकोला गांव गई थी। बरात में गांव के सागर निषाद भी शामिल हुए थे। बताया गया कि वे कुछ दिन पहले ही गाजियाबाद से घर लौटे थे।
भोजन के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार बरात में भोजन करने के कुछ देर बाद सागर निषाद की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी होने लगी और वह वहीं अचेत अवस्था में गिर पड़े।
शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य स्थिति समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन कुछ समय बाद उनकी हालत गंभीर होती देख उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष थीरेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।









