बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों की समीक्षा

30 जून तक कटानरोधी परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश

अंबेडकरनगर। संभावित बाढ़ आपदा 2026-27 को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इसमें बाढ़ नियंत्रण, राहत व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में बाढ़ कार्य खंड अयोध्या द्वारा चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में कुल 5 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें 2 परियोजनाएं टांडा और 3 परियोजनाएं आलापुर तहसील क्षेत्र में हैं। इन कार्यों से आसोपुर, नौराहने रामपुर, गोवर्धनपुर, बंगालपुर, माझा कम्हरियां और अराजी देवारा जैसे गांवों को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी।

जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं को 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारियों को तकनीकी टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ चौकियों और शरणालयों की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 13 बाढ़ चौकियां स्थापित हैं। इनमें 5 टांडा और 8 आलापुर तहसील क्षेत्र में स्थित हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तैयार बाढ़ शरणालयों को जल्द संबंधित विभागों को सौंपा जाए।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहले से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। राहत शिविर, नावों की व्यवस्था, पेयजल, खाद्यान्न, दवाएं, पशुचारा और प्रकाश व्यवस्था की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए।

संवेदनशील गांवों पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने कहा कि संवेदनशील गांवों में विशेष सतर्कता बरती जाए। बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), उप जिलाधिकारी टांडा, उप जिलाधिकारी आलापुर समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button