
- लखनऊ में भाजपा की जन आक्रोश महिला पदयात्रा
- 15 हजार महिलाओं की भागीदारी, सीएम योगी भी पैदल चले
- सीएम आवास से विधानसभा तक 2 किमी की यात्रा
लखनऊ में महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। इस पदयात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद महिलाओं के साथ पैदल चले।
बताया जा रहा है कि इस पदयात्रा में करीब 15 हजार महिलाएं शामिल हुईं। मुख्यमंत्री के साथ दोनों डिप्टी सीएम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कई वरिष्ठ नेता भी कड़ी धूप में पैदल चलते नजर आए।
सीएम आवास से विधानसभा तक पदयात्रा
पदयात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री आवास से हुई और यह करीब 2 किलोमीटर का सफर तय करते हुए विधानसभा तक पहुंची। यहां सभा का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं और महिलाओं को संबोधित किया।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की नीतियों के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं का नुकसान हुआ है और उनके भीतर भारी आक्रोश है।
सीएम योगी का विपक्ष पर हमला
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों का इतिहास महिला विरोधी रहा है और आज महिलाओं में इनके खिलाफ गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है।
योगी ने कहा, “देश में चार प्रमुख वर्ग हैं—महिला, गरीब, युवा और किसान। इन वर्गों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्षी दलों से जुड़ी महिलाएं भी इस पदयात्रा में शामिल हुईं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन को बूथ, मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर तक ले जाने का आह्वान किया।









