
मुंबई/महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में आज चुनाव हुए। सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे समाप्त हुआ। दोपहर 3:30 बजे तक 41.08% वोटिंग दर्ज की गई। चुनाव का परिणाम शुक्रवार को आएगा।
मुंबई में वोटिंग करने पहुंचे अभिनेता आमिर खान ने लोगों से मराठी में वोट डालने की अपील की। जब उनसे मीडिया ने हिंदी में बात करने को कहा तो उन्होंने कहा, “अरे ये महाराष्ट्र है भाई।” बाद में आमिर ने हिंदी में कहा कि पोलिंग बूथ पर व्यवस्था अच्छी है और लोग वोट डालें।
इस बीच, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने उंगलियों पर लगाई जा रही स्याही के मिटने का दावा किया। राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि इससे भ्रम फैलाने की कोशिश न की जाए।
BMC चुनाव पर नजर
- बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में 2017 के बाद चुनाव हो रहा है।
- कुल 227 सीटों में बहुमत के लिए 114 की जरूरत।
- 32 सीटों पर BJP-शिंदे गुट और शिवसेना (UBT)-MNS के बीच सीधा मुकाबला।
सीटों का बंटवारा:
- BJP-शिंदे गठबंधन: BJP 137 सीटें, शिंदे शिवसेना 90 सीटें।
- शिवसेना UBT-MNS गठबंधन: UBT 163 सीटें, MNS 52 सीटें।
- कांग्रेस-वीबीए गठबंधन: कांग्रेस 143 सीटें, VBA 46 सीटें।
- NCP: किसी गठबंधन के बिना 94 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।









