अम्बेडकरनगर में चला दो दिवसीय सघन वाहन चेकिंग अभियान

हूटर, प्रेशर हार्न और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

  • 9 और 10 मई को चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान
  • हूटर, सायरन और प्रेशर हार्न लगे वाहनों की जांच
  • टोल प्लाजा पर यात्रियों से संवाद कर सुनी समस्याएं

अम्बेडकरनगर। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस और यातायात विभाग ने दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान 9 और 10 मई 2026 को जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर संचालित किया गया।

अभियान के दौरान हूटर, सायरन, प्रेशर हार्न, मोडिफाइड साइलेंसर और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच की गई। चेकिंग दोस्तपुर टोल प्लाजा, पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे टोल प्लाजा और नेवरी टोल प्लाजा समेत कई स्थानों पर की गई।

संयुक्त टीम ने संभाली मोर्चा

वाहन चेकिंग अभियान क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात, संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस बल और सीसीटी टीम की संयुक्त निगरानी में चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रक चालकों और भारी वाणिज्यिक वाहनों की रैंडम जांच की गई।

इसके अलावा प्राइवेट स्लीपर बसों और ईको कैब वैन पर भी विशेष निगरानी रखी गई। निर्माण सामग्री ले जा रहे वाहनों की हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) का सत्यापन भी कराया गया।

यात्रियों से संवाद कर जानी समस्याएं

टोल प्लाजा पर परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से पुलिस टीम ने संवाद भी किया। “मीट एंड ग्रीट” अभियान के तहत यात्रियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया गया।

साथ ही लाउड हेलर के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button