
- तहसील आने वाले लोगों को मिल रही राहत
- ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचते हैं लोग
- लोगों ने प्रशासन के प्रयास की सराहना की
अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी को देखते हुए अकबरपुर तहसील प्रशासन ने तहसील परिसर में आगंतुकों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की है। तहसील में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए फिल्टर युक्त ठंडे पानी के बड़े गैलन परिसर में रखवाए गए हैं।
तहसील में रोजाना ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। सुबह से शाम तक फरियादियों और आमजन का आवागमन बना रहता है। ऐसे में लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए प्रशासन ने यह व्यवस्था की है।
मई माह में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के बीच तहसील परिसर में की गई इस व्यवस्था से लोगों को राहत मिल रही है। तहसील पहुंचे लोगों ने इसे प्रशासन की अच्छी पहल बताया। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की सुविधाएं आमजन के लिए काफी उपयोगी साबित होती हैं।









