अकबरपुर नगर पालिका को स्मार्ट सिटी स्वरूप देने की तैयारी तेज

नवयुग योजना के तहत करीब 8 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित

अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका अकबरपुर को स्मार्ट सिटी स्वरूप देने की दिशा में नवयुग पालिका योजना के तहत विकास कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसके क्रियान्वयन की शुरुआत होने की संभावना है।

8 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार

नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में लगभग 8 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाने प्रस्तावित हैं। इसके तहत लंबे समय से लंबित बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।नगर क्षेत्र के उन इलाकों को चिन्हित किया जा रहा है जहां सड़क, जलनिकासी और प्रकाश व्यवस्था की समस्याएं बनी हुई हैं।

सड़क, नाला और पार्कों का होगा कायाकल्प

योजना के तहत सड़कों का सुदृढ़ीकरण, नाला निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा।नगर के पार्कों के कायाकल्प और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की योजना भी शामिल है। सार्वजनिक स्थलों को अधिक व्यवस्थित और उपयोगी बनाने पर काम होगा।

डिजिटल और स्मार्ट सुविधाओं पर जोर

नगर पालिका के अर्बन विशेषज्ञ रवि उपाध्याय के अनुसार योजना में आधुनिक शहरी सुविधाओं को शामिल किया गया है।इनमें डिजिटल गवर्नेंस, ऑडिटोरियम निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी, केबल बंचिंग व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों का विकास शामिल है।इसके साथ ही सीसी कैमरों से निगरानी व्यवस्था, पिंक टॉयलेट, ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन और स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना भी प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button