
- डीएम और एसपी ने ग्रहण किया प्रसाद
- नगर के कई स्थानों पर लगे भंडारे
- सामाजिक संगठनों ने भी की सहभागिता
ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार पर अंबेडकरनगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर के विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रमों में शामिल हुए।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर अकबरपुर कोतवाली परिसर में सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीओ सिटी नीतीश कुमार तिवारी और कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पांडे की मौजूदगी में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
डीएम और एसपी ने ग्रहण किया प्रसाद
कोतवाली परिसर में आयोजित भंडारे में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी पहुंचीं। दोनों अधिकारियों ने प्रसाद ग्रहण किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन लोगों के बीच आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े मंगलवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए, जिसके लिए व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई थीं।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम सक्रिय रही। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और शांतिपूर्ण आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता रही।
नगर के कई स्थानों पर हुए भंडारे
अंबेडकरनगर नगर क्षेत्र में बड़े मंगलवार के अवसर पर कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता के सहयोग से बिजलीघर परिसर में भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।
वहीं पटेल नगर तिराहे पर पीके कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर प्रदीप सिंह की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।









