लखनऊ में 900 करोड़ के कोडीन कफ सिरप रैकेट का खुलासा

STF ने दाखिल की 40 हजार पन्नों की चार्जशीट

  • लखनऊ में 900 करोड़ के ड्रग रैकेट का खुलासा
  • STF ने कोर्ट में दाखिल की 40 हजार पन्नों की चार्जशीट
  • कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी का मामला
  • तीन मास्टरमाइंड अब भी विदेश में फरार

लखनऊ। लखनऊ में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश STF ने कोर्ट में 40 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। जांच में करीब 900 करोड़ रुपए के काले कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। मामले के तीन मास्टरमाइंड अब भी विदेश में फरार बताए जा रहे हैं।

यह चार्जशीट एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज चार मामलों में दाखिल की गई है। STF ने आलोक प्रताप सिंह, अमित टाटा समेत कई आरोपियों को इस अवैध कारोबार का हिस्सा बताया है।

मेडिकल स्टोर तक नहीं पहुंची एक भी बोतल

STF जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि सप्लाई की गई कोडीन कफ सिरप की एक भी बोतल मेडिकल स्टोर तक नहीं पहुंची। दवा के नाम पर तैयार किया गया पूरा स्टॉक सीधे अवैध नशे के कारोबार में खपाया जा रहा था।

जांच एजेंसियों के अनुसार इस नेटवर्क ने वैध दवा सप्लाई चैन का इस्तेमाल केवल दिखावे और बचाव के लिए किया। असल में पूरी सप्लाई सुनियोजित तरीके से नशे के बाजार तक पहुंचाई जा रही थी।

विदेश में छिपे हैं तीन मास्टरमाइंड

STF सूत्रों के मुताबिक इस रैकेट के तीन मुख्य संचालक विदेश में छिपे हुए हैं। एजेंसियां उनकी गिरफ्तारी के लिए इंटरनेशनल नेटवर्क और अन्य जांच एजेंसियों की मदद ले रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह मामला उत्तर प्रदेश में सामने आए सबसे बड़े ड्रग नेटवर्क में से एक माना जा रहा है। चार्जशीट में बैंकिंग ट्रांजैक्शन, फर्जी दस्तावेज, सप्लाई चेन और करोड़ों रुपए के लेनदेन से जुड़े कई अहम सबूत शामिल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button