
- वाराणसी के नमो घाट पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
- बाउंसर्स और गार्ड्स पर मारपीट का आरोप
- 17 वर्षीय राजेश जायसवाल की मौत
वाराणसी। वाराणसी के नमो घाट पर रविवार तड़के एक 17 वर्षीय युवक की बाउंसर्स और प्राइवेट गार्ड्स द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान सोनभद्र निवासी राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू (17) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार शाम दवा लेने के लिए वाराणसी आया था। दवा लेने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ नमो घाट घूमने पहुंचा था।
मृतक के दोस्तों के मुताबिक तड़के करीब पांच दोस्त नमो घाट पहुंचे थे, जहां प्राइवेट गार्ड्स ने उन्हें रोक दिया। पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद युवक वहां से दूसरी ओर चले गए। आरोप है कि लौटने पर 10-12 गार्ड्स और बाउंसर्स ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद गार्ड्स वहां से हटे। इस घटना में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके चार दोस्त भी चोटिल हुए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है।









