अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। इसे लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, निगरानी तंत्र और ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन किया जाए।
सभी केंद्रों का दोबारा निरीक्षण करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पुनः निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का गहन अध्ययन कर लें। परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए।









