
- कानपुर में 11 साल की जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या
- पिता ने खुद पुलिस को कॉल कर कबूला गुनाह
- खाने में मिलाई नींद की गोलियां, फिर गला घोंटकर चापड़ से गर्दन काटी
कानपुर। कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शशि रंजन मिश्रा (45) ने रविवार तड़के अपनी बेटियों रिद्धी-सिद्धी को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर बताया— “मैंने अपनी बच्चियों को मार डाला है।” सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना के वक्त आरोपी की पत्नी रेशमा (40) को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस के पहुंचने पर उसने दरवाजा खोला और जब कमरे में पहुंची तो अपनी बेटियों के खून से सने शव देखकर बेसुध हो गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले बेटियों के खाने में नींद की गोलियां मिलाईं। जब दोनों अचेत हो गईं, तब उनका गला घोंटा और फिर चापड़ से गर्दन रेत दी। आरोपी का कहना है कि वह बेटियों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित था और इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया। उसने खुद भी सुसाइड करने की योजना बनाई थी, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका।









