लखनऊ में UPSC अभ्यर्थी ने गोमती में लगाई छलांग

पेपर खराब होने से था परेशान, पक्के पुल पर मिली स्कूटी; गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी

  • लखनऊ में युवक ने गोमती नदी में लगाई छलांग
  • युवक UPSC अभ्यर्थी प्रखर पाल बताया जा रहा
  • पेपर खराब होने से परेशान था युवक
  • मां सुष्मलता हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल

लखनऊ। लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां UPSC की तैयारी कर रहे युवक ने कथित तौर पर गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान प्रखर पाल के रूप में हुई है, जो सरकारी इंटर कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल का बेटा बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

प्रखर की मां सुष्मलता राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं। बेटे के नदी में कूदने की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। घाट पर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मां ने भावुक होकर बताया कि प्रखर रविवार को UPSC की परीक्षा देने गया था। लौटने के बाद वह पेपर खराब होने की बात कह रहा था। मां के अनुसार उन्होंने बेटे को समझाया था कि कोई बात नहीं, अगली परीक्षा पर ध्यान देना। इसके बाद उससे ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी।

परिजनों के मुताबिक प्रखर के पिता विष्णु गोपाल पाल का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह पक्के पुल पर एक स्कूटी खड़ी दिखाई दी। कुछ देर बाद लोगों ने एक युवक को गोमती नदी में छलांग लगाते देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button