
- अंबेडकरनगर भाजपा को मिला नया जिलाध्यक्ष
- दिलीप पटेल देव को संगठन की बड़ी जिम्मेदारी
- पिछड़े वर्ग के युवा चेहरे पर पार्टी का भरोसा
- कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
अंबेडकर नगर में भारतीय जनता पार्टी ने लंबे समय से लंबित जिलाध्यक्ष पद की घोषणा कर दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार देर शाम दिलीप पटेल देव को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। घोषणा के बाद संगठन और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
दिलीप पटेल देव इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा जिला महामंत्री के पद पर कार्यरत थे। संगठन में सक्रिय भूमिका और लंबे समय से पार्टी के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पिछड़े वर्ग के युवा चेहरे पर भाजपा का भरोसा
भाजपा ने दिलीप पटेल देव को जिलाध्यक्ष बनाकर संगठनात्मक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है। राजनीतिक जानकार इस नियुक्ति को आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार से जोड़कर देख रहे हैं। पिछड़े वर्ग के युवा नेता को जिले की कमान मिलने से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।
नए दायित्व पर जताया आभार
जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद दिलीप पटेल देव ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन को मजबूत बनाने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया।









