
अम्बेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने बाग में पहुंचा था, जहां युवती के दूसरे प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी थी।
थाना क्षेत्र के जहानियापुर मछली गांव स्थित एक बाग में दो मई को युवक का शव मिला था। सूचना पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे थे। मृतक की पहचान सूरज पुत्र दिलीप के रूप में हुई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
पुलिस जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। इसमें पता चला कि सूरज का सम्मनपुर गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वह करीब आठ बजे युवती से मिलने गांव के पीछे स्थित बाग में पहुंचा था।
इसी दौरान गांव निवासी अरबाज पुत्र मोहम्मद असलम वहां पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक अरबाज भी उसी युवती से प्रेम करता था। उसने सूरज को पकड़ लिया और अपने साथी शादाब पुत्र स्वर्गीय नूरुल हसन को फोन कर मौके पर बुलाया। शादाब भी डंडा लेकर पहुंचा।
युवती को भगाकर की पिटाई
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने युवती को धमकाकर वहां से भगा दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर सूरज की पिटाई की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव छोड़कर फरार हो गए थे।
पचहत्तर की बगिया से गिरफ्तारी
गुरुवार सुबह करीब 5:15 बजे पुलिस टीम ने पचहत्तर की बगिया क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजा गया है।









