एटा में सड़क हादसे में यूपी पुलिस इंस्पेक्टर की मौत

ट्रेनिंग से लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, मौके पर मची अफरा-तफरी

एटा। एटा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर नवीन कुमार यादव की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह मुरादाबाद में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर एटा पुलिस लाइन लौट रहे थे। रास्ते में उनकी तेज रफ्तार ऑल्टो कार नेशनल हाईवे पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इंस्पेक्टर नवीन कुमार यादव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और राहत कार्य शुरू कराया।

मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने क्रेन की मदद से कार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से अलग कराया। गंभीर रूप से घायल इंस्पेक्टर को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नवीन कुमार यादव मूल रूप से बुलंदशहर जिले के निवासी थे। वह वर्ष 1998 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे और लंबे समय से पुलिस सेवा में कार्यरत थे।

यह हादसा एटा मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बरेली-आगरा नेशनल हाईवे पर मिरहची थाना क्षेत्र के आसेपुर गांव के पास हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button