अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के रामनगर में रविवार को डॉ. सुबेदार राय चैरिटेबल ट्रस्ट और प्रतीक क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराईं।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक पाण्डेय और फिजिशियन डॉ. आशुतोष शुक्ला सहित चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एलएफटी, बीएमडी (हड्डियों की मजबूती) और विटामिन-डी समेत कई महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेविका डॉ. पूनम राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और उचित सलाह मिल सके।
प्रतीक क्लिनिक के 40 वर्ष पूरे होने पर सम्मान समारोह
चिकित्सा शिविर के साथ प्रतीक क्लिनिक के 40 वर्ष पूरे होने के अवसर पर संस्थापक डॉ. एस.के. राय का सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चार दशकों से क्लिनिक क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है और लोगों का भरोसा कायम रखने में सफल रहा है।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। पूरे कार्यक्रम में मरीजों की जांच, परामर्श और दवा वितरण की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गई।









