मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू

1200 मतदाताओं के मानक पर हुआ मंथन

अम्बेडकर नगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिले में मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित पुनर्गठन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की गईं।

1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर होगा संभाजन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं के मानक को ध्यान में रखते हुए संभाजन की प्रक्रिया की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार मतदेय स्थलों के संभाजन का आलेख्य प्रकाशन किया गया है। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

2171 से घटकर 2149 प्रस्तावित होंगे मतदेय स्थल

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में कुल 2171 मतदेय स्थल संचालित हैं। संभाजन की प्रक्रिया के बाद 2149 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार की जा रही है, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

सांसद, विधायक और दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में वर्तमान सांसदों, विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button