बेटी से लगातार होती रही फोन पर बात, रेलवे ट्रैक पर मिला पिता का शव

आजमगढ़ के व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस जांच शुरू, बातचीत की रिकॉर्डिंग भी जांच का हिस्सा

  • गोपालपुर रेलवे ट्रैक पर मिला शव
  • मृतक की पहचान आजमगढ़ निवासी के रूप में हुई
  • मोबाइल पर बेटी से होती रही बातचीत

अम्बेडकरनगर। कटेहरी क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर आजमगढ़ निवासी एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। मृतक की पहचान आजमगढ़ जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र के कुसमहरा गांव निवासी अनिरुद्ध सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के अनुसार, अनिरुद्ध सिंह सोमवार सुबह करीब पांच बजे बाइक से घर से निकले थे। उन्होंने परिवार के किसी सदस्य को अपने जाने की जानकारी नहीं दी। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर परिजनों ने गोपालपुर गांव में रहने वाली उनकी बेटी प्रीति सिंह को सूचना दी।

तलाश के दौरान बेटी से होती रही बातचीत

परिजनों के अनुसार, बेटी ने पिता से लगातार मोबाइल पर संपर्क बनाए रखा। बातचीत के दौरान वह अलग-अलग स्थानों की जानकारी देते रहे। कभी कटेहरी ब्लॉक तिराहा, कभी प्रतापपुर चमुर्खा, कटेहरी रेलवे स्टेशन और बरियावन बाजार में होने की बात कही। इससे परिवार उनकी तलाश में लगातार अलग-अलग स्थानों पर पहुंचता रहा।

रात करीब साढ़े आठ बजे के आसपास अनिरुद्ध ने बेटी को गोपालपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के निकट अपनी लोकेशन बताई। बेटी उन्हें समझाते हुए लगातार मौके पर पहुंचने की बात कहती रही। कुछ देर बाद परिवार के लोग बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां रेलवे ट्रैक के पास अनिरुद्ध का शव और उनका मोबाइल फोन मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button