अंबेडकरनगर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की अवधि तीन महीने बढ़ा दी गई है। अगस्त में निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अब अभियान दिसंबर तक जारी रहेगा। जिले में सात अक्तूबर से 14 से 15 वर्ष की पात्र किशोरियों को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के विस्तार के साथ 7,209 किशोरियों का नया लक्ष्य तय किया है। जिले में अभियान की शुरुआत 27 मार्च को हुई थी। अब तक 33,999 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। विभाग ने पहले 33,669 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा था। इसके मुकाबले अब तक 101 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।
पहले बुधवार को उपकेंद्रों पर भी होगा टीकाकरण
अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए माह के पहले बुधवार को उपकेंद्रों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। इससे उन किशोरियों को सुविधा मिलेगी, जो किसी कारण से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पाती हैं।
टीकाकरण के दौरान किशोरियों के साथ उनके अभिभावकों को भी एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में टीके की भूमिका की जानकारी दी जाएगी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-annaprashan-godh-bharai-poshan/
नए लक्ष्य को पूरा करने की तैयारी
सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने 14 से 15 वर्ष की पात्र किशोरियों का टीकाकरण कराने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की बढ़ी अवधि में नए लक्ष्य को पूरा करने के लिए तैयारियां की हैं।









