NEET-UG पेपर लीक: CBI का बड़ा खुलासा

  • CBI का कोर्ट में बड़ा दावा
  • ₹5 लाख देकर हासिल किए गए सवाल
  • 111 प्रश्न NTA मास्टर पेपर से मिले
  • मोबाइल से मिले हस्तलिखित नोट्स
  • अब तक 13 गिरफ्तार, जांच जारी

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने स्पेशल कोर्ट में बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक कोचिंग सेंटर के संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर ने NTA के पेपर सेटर से केमिस्ट्री के प्रश्न हासिल करने के लिए 5 लाख रुपये दिए थे।

सीबीआई ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से 132 हस्तलिखित प्रश्नों की तस्वीरें बरामद हुई हैं। इनमें से 111 प्रश्न NTA के मास्टर प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि मोटेगांवकर का बेटा आरोपी कुलकर्णी की कोचिंग क्लास में पढ़ता था।

NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद 12 मई को इसे रद्द कर री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपी के फोन से केमिस्ट्री के 132 हाथ से लिखे प्रश्नों की 36 तस्वीरें मिली हैं, जिनमें पांच डुप्लिकेट थीं। एजेंसी का कहना है कि ये नोट्स कुलकर्णी की केमिस्ट्री ट्यूटोरियल क्लास में मिले प्रश्नों के आधार पर तैयार किए गए थे।

मामले में सीबीआई अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, बिहार पुलिस ने अपनी जांच में अलग से 30 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी का दावा है कि मोटेगांवकर पहले पार्ट-टाइम शिक्षक था, लेकिन अब लातूर में रेनुकाई करियर सेंटर (RCC) का संचालक है और उसकी संपत्ति करीब 1500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सीबीआई का आरोप है कि उसकी पेपर लीक नेटवर्क से पुरानी सांठगांठ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button