- अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर पुलिस पर हमला
- हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी शहीद
- TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी
- इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में बुधवार को आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (35) शहीद हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। घटना शहर के व्यस्त लाल चौक बाजार क्षेत्र में हुई, जहां आमतौर पर काफी भीड़ रहती है।
हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों की संख्या और उनके फरार होने के रास्तों का पता लगाने में जुटी हैं।









