दिव्यांग बच्चों को मिलेंगे सहायक उपकरण

18 और 19 अगस्त को लगेगा मेजरमेंट कैंप

  • एलिम्को कानपुर के सहयोग से होगा पंजीकरण और परीक्षण, अक्टूबर में वितरित किए जाएंगे उपकरण

अंबेडकर नगर। समेकित शिक्षा के तहत विशिष्ट आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण और यंत्र उपलब्ध कराने के लिए जिले में मेजरमेंट एवं डिस्ट्रीब्यूशन कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में बच्चों की जरूरत के अनुसार उपकरणों का चयन कर बाद में उनका वितरण किया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने बताया कि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर एलिम्को कानपुर के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है।

अकबरपुर और जलालपुर में होंगे मेजरमेंट कैंप

दिव्यांग बच्चों के परीक्षण और पंजीकरण के लिए पहला कैंप 18 अगस्त को ब्लॉक संसाधन केंद्र अकबरपुर और दूसरा कैंप 19 अगस्त को ब्लॉक संसाधन केंद्र जलालपुर में आयोजित होगा। दोनों कैंप सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।

इन कैंपों में शारीरिक, बौद्धिक, दृष्टि और वाक्श्रवण दिव्यांग बच्चों का परीक्षण कर आवश्यक उपकरणों का निर्धारण किया जाएगा।

अक्टूबर में होगा उपकरणों का वितरण

चिन्हित बच्चों को सहायक उपकरणों का वितरण अक्टूबर में किया जाएगा। इसके लिए 23 अक्टूबर को ब्लॉक संसाधन केंद्र अकबरपुर और 24 अक्टूबर को ब्लॉक संसाधन केंद्र जलालपुर में डिस्ट्रीब्यूशन कैंप आयोजित होगा।

पंजीकरण के लिए लाने होंगे जरूरी दस्तावेज

कैंप में पंजीकरण कराने वाले बच्चों को दिव्यांगता प्रदर्शित करती हुई दो पासपोर्ट साइज फोटो, यूडीआईडी कार्ड या मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, अभिभावक का आय प्रमाण पत्र और विद्यालय संबंधी प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।

बच्चे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी कैंप में पंजीकरण करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button