शहजादपुर में सुरक्षा परखने सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, पंडालों तक पहुंचे

श्रीराम चौक से शहजादपुर पुलिस चौकी तक पैदल मार्च, पूजा समितियों से संवाद कर शांतिपूर्ण आयोजन के दिए निर्देश

अंबेडकरनगर। नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अकबरपुर के शहजादपुर क्षेत्र में पैदल मार्च किया। दोनों अधिकारियों ने श्रीराम चौक से शहजादपुर पुलिस चौकी तक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर आयोजकों से भी बातचीत की।

पैदल मार्च में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह समेत संबंधित अधिकारी और पुलिस बल शामिल रहे। अधिकारियों ने मार्ग में पड़ने वाले दुर्गा प्रतिमा पंडालों की व्यवस्थाएं देखीं। पूजा समितियों के पदाधिकारियों से संवाद कर पर्व के आयोजन और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली।

आयोजकों से कहा, प्रशासन के साथ बनाए रखें समन्वय

डीएम और एसपी ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों को पर्व के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

पंडालों की व्यवस्था का लिया जायजा

पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रशासन और पुलिस की ओर से नवरात्र के दौरान लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button