- स्कूल से लौटने के बाद हुआ था लापता
- पड़ोसी के घर के बेसमेंट से मिला शव
- CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
गोरखपुर। गोरखपुर के खजनी कस्बे में एक ज्वैलरी कारोबारी के 10 वर्षीय पोते की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। बच्चे का शव उसके घर से करीब 20 मीटर दूर रहने वाले पड़ोसी के घर के बेसमेंट से बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खेलने निकला, फिर नहीं लौटा
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, वैभव वर्मा सोमवार शाम स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल लेकर बाहर खेलने गया था। करीब आधे घंटे बाद परिवार को उसकी साइकिल लावारिस हालत में मिली। थोड़ी दूरी पर बच्चे की एक चप्पल भी बरामद हुई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज से खुला मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में बच्चा पड़ोस में रहने वाले एक कंप्यूटर टीचर के साथ जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घर के बेसमेंट से बच्चे का शव बरामद किया गया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच जारी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।









