लखनऊ। अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग में सामने आए सात करोड़ रुपए से अधिक के वित्तीय घोटाले की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने कार्रवाई तेज कर दी है। हाईकोर्ट के निर्देश पर मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने बुधवार को लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में जांच की जा रही है। मामले की पड़ताल के लिए आठ विशेष टीमों का गठन किया गया है। इनमें से एक टीम अमेठी में कैंप कर रही है, जबकि अन्य टीमें लखनऊ, प्रतापगढ़, अयोध्या और कुशीनगर में विभिन्न ठिकानों पर जांच कर रही हैं।
राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में भी सीबीआई की टीम पहुंची। यहां जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े एक कनिष्ठ लिपिक के आवास पर दस्तावेजों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया था कि बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात कुछ कर्मचारियों ने कथित रूप से वित्तीय अनियमितताएं करते हुए बड़ी रकम विभिन्न खातों में स्थानांतरित की थी। मामले के सामने आने के बाद लेखाधिकारी की शिकायत पर गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीबीआई अब धन के प्रवाह, संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। एजेंसी की कार्रवाई से मामले में जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।









