गाजीपुर में पति ने पत्नी की चापड़ से हत्या की

  • थाने से छूटने के बाद वारदात को दिया अंजाम
  • बीच बाजार चापड़ से पत्नी की हत्या
  • पत्नी की सहेली पर भी किया हमला

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शादियाबाद थाना क्षेत्र के दयालपुर में एक युवक ने थाने से छूटने के कुछ घंटे बाद अपनी पत्नी की बीच बाजार चापड़ से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने पत्नी की सहेली पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाने से छूटते ही पहुंचा ब्यूटी पार्लर

पुलिस के अनुसार आरोपी रवीकांत उर्फ हनी कुमार को सोमवार को छेड़छाड़ की शिकायत पर थाने लाया गया था। शिकायत उसकी पत्नी के साथ काम करने वाली सहेली ने दर्ज कराई थी। जांच में आरोप सही नहीं पाए जाने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी चापड़ लेकर पत्नी के ब्यूटी पार्लर पहुंच गया।

बाजार में दौड़ाकर की हत्या

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले पार्लर के अंदर पत्नी कुसुम विश्वकर्मा पर हमला करने की कोशिश की। जान बचाने के लिए वह बाहर की ओर भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर बीच बाजार उसके गले पर चापड़ से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सहेली को भी दौड़ाया

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने उसकी सहेली प्रिया पर भी हमला करने की कोशिश की। हालांकि, वह मौके से भागने में सफल रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम विवाह के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक, कुसुम की पहली शादी आजमगढ़ निवासी राहुल विश्वकर्मा से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। इसके बाद कुसुम की मुलाकात रवीकांत उर्फ हनी कुमार से हुई और दोनों ने करीब ढाई साल पहले प्रेम विवाह किया। शादी के बाद पति को पत्नी के चरित्र पर शक रहने लगा, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button