- महंगी आइसक्रीम के लिए लग रही लंबी कतारें
- कोरोना काल में शुरू हुआ कारोबार बना ब्रांड
- ‘इमोशनल सपोर्ट आइसक्रीम’ के नाम से हो रही मशहूर
वॉशिंगटन। अमेरिका में इन दिनों महंगी आइसक्रीम का अनोखा ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। मिनेसोटा के छोटे से कस्बे हॉपकिंस में लोग 15 डॉलर (करीब 1,400 रुपए) की एक छोटी आइसक्रीम खरीदने के लिए हर मौसम में लंबी कतारों में खड़े नजर आते हैं। यह ट्रेंड सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि बदलती अमेरिकी अर्थव्यवस्था और लोगों की मानसिकता को भी दर्शाता है।
कोरोना काल में शुरू हुआ था सफर
महामारी के दौरान जब लाखों लोगों की नौकरियां चली गईं, तब कई लोगों ने अपने शौक को ही कारोबार में बदल दिया। ए टू जेड क्रीमरी के संस्थापक जैक व्रा भी उन्हीं में शामिल हैं। सेल्स की नौकरी छूटने के बाद उन्होंने अपनी मां की छोटी आइसक्रीम मशीन से कारोबार शुरू किया, जो आज एक सफल ब्रांड बन चुका है।
‘इमोशनल सपोर्ट आइसक्रीम’ क्यों बन रही पसंद?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड अमेरिका की ‘के-शेप्ड इकोनॉमी’ को दर्शाता है। जहां एक ओर संपन्न वर्ग बिना हिचक खर्च कर रहा है, वहीं मध्यम और निम्न आय वर्ग महंगाई के बीच भी छोटी-छोटी खुशियों पर पैसा खर्च कर खुद को मानसिक सुकून देने की कोशिश कर रहा है। इसी वजह से इसे ‘इमोशनल सपोर्ट आइसक्रीम’ भी कहा जाने लगा है।
क्वालिटी और अनुभव के लिए खर्च करने को तैयार ग्राहक
फेच एप के संस्थापक वेस श्रोल का कहना है कि लोग आर्थिक असमानता महसूस कर रहे हैं और छोटी-छोटी खुशियों में संतोष तलाश रहे हैं। वहीं डेनवर की सैडबॉय क्रीमरी के संस्थापक माइकल किंबॉल के मुताबिक, कीमत इतनी रखी जाती है कि ग्राहक क्वालिटी और मेहनत की अहमियत समझें।
AI के दौर में इंसानी हुनर की बढ़ी अहमियत
न्यूयॉर्क की बेटी जोज क्रीमरी की संस्थापक मैडी नेहलेन का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कारोबार बढ़ाने में मदद कर सकता है, लेकिन हाथों से बनने वाली आइसक्रीम का विकल्प नहीं बन सकता। ग्राहकों को आज भी असली स्वाद और इंसानी मेहनत से तैयार उत्पाद पसंद आ रहे हैं।
100 डॉलर की स्पेशल आइसक्रीम भी बिक रही
ए टू जेड क्रीमरी हर साल अपने स्थापना दिवस पर 100 डॉलर (करीब 9,560 रुपए) की प्रीमियम आइसक्रीम भी पेश करती है। इसमें शैंपेन फ्लेवर, कैवियार और गोल्ड लीफ जैसे खास तत्व शामिल होते हैं। कंपनी का कहना है कि लोग आज भी यादगार और अनोखे अनुभवों पर खुलकर खर्च करने को तैयार हैं।









