नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने मेंबर्स के लिए बड़ा डिजिटल अपग्रेड ‘EPFO 3.0’ लॉन्च करने की तैयारी में है। इस नए सिस्टम के लागू होने के बाद पीएफ अकाउंट होल्डर्स UPI और ATM के जरिए भी अपनी जमा राशि का आंशिक हिस्सा निकाल सकेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नई सुविधा की शुरुआत जून के अंत तक किए जाने की संभावना है। हालांकि अभी तक UPI या ATM आधारित निकासी के लिए अलग से कोई नई विड्रॉल लिमिट घोषित नहीं की गई है और यह मौजूदा नियमों के तहत ही संचालित होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, योग्य सदस्य अपने पीएफ बैलेंस का करीब 75% तक हिस्सा UPI या UPI-सक्षम ATM के माध्यम से निकाल सकेंगे। यह राशि सीधे लिंक किए गए बैंक खाते में तुरंत ट्रांसफर हो जाएगी, जिससे पहले की तरह लंबी प्रोसेसिंग अवधि से राहत मिलेगी।
यह नया सिस्टम नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। सरकार के अनुसार, इसकी टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने भी संकेत दिए हैं कि इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है।
नए सिस्टम में आधार-आधारित OTP वेरिफिकेशन के जरिए UPI ऐप से विड्रॉल की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगा। इसके अलावा, EPFO द्वारा पीएफ-लिंक्ड ATM कार्ड जारी करने की भी योजना है, जिससे सदस्य सीधे ATM से पैसा निकाल सकेंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, मेंबर्स को अपने EPF खाते में कम से कम 25% बैलेंस बनाए रखना अनिवार्य हो सकता है, ताकि रिटायरमेंट सेविंग सुरक्षित रहे।









