प्रयागराज। प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। गढ़ी कला मोहल्ले में एक कमरे के अंदर पति, पत्नी और एक महिला के शव खून से लथपथ मिले। तीनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक पति-पत्नी बोल और सुन नहीं सकते थे।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब हुई, जब पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा आधा खुला देखा। अंदर झांकने पर तीनों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मकान मालकिन के बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मकान मालकिन के अनुसार, दंपति पिछले छह महीने से किराये पर रह रहे थे और कबाड़ बीनने का काम करते थे। सोमवार को उनसे मिलने एक महिला आई थी, जिसे पहले कभी मोहल्ले में नहीं देखा गया था। मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर पड़ोसियों ने अंदर देखा, जहां तीनों की हत्या हो चुकी थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।









