प्रतापगढ़ में मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

लगातार बारिश के बीच 100 साल पुरानी इमारत की छत गिरी, परिवार का केवल एक सदस्य बचा।

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित महुली मोहल्ले में लगातार बारिश के बीच 100 साल पुराना मकान ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

सोते समय गिरी छत

बुधवार रात गर्मी और उमस के कारण परिवार के सभी सात सदस्य एसी वाले कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक कमरे की छत भरभराकर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने या मदद के लिए आवाज लगाने का मौका नहीं मिला।

दो घंटे चला रेस्क्यू

छत गिरने के बाद पूरा परिवार मलबे में दब गया। बड़ा बेटा अमन किसी तरह बाहर निकल आया और शोर मचाकर लोगों को बुलाया। पुलिस और दमकल की टीम ने करीब दो घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला।

छह लोगों की मौत

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता, छोटे बेटे नितिन, बहू माधुरी और दो मासूम बच्चों माधव व अद्विक को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे में दबने और दम घुटने से उनकी मौत हुई।

आर्थिक तंगी के कारण अधूरा था मकान

बताया गया कि मकान करीब 100 साल पुराना था। तीन वर्ष पहले पहली मंजिल की दीवारें बनाई गई थीं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण लिंटर नहीं डल सका था। परिवार जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कराने की तैयारी कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button