अम्बेडकरनगर। पुलिस परिवार के बच्चों के शैक्षिक विकास और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वामसारथी (VAAMSARTHI) योजना के तहत आयोजित हुआ, जिसमें बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा-10 की बोर्ड परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली किंजल सिंह विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्हें उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। किंजल सिंह निरीक्षक सर्वदमन सिंह की पुत्री हैं।
शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का बढ़ाया गया उत्साह
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। छात्रों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में कहा गया कि शिक्षा भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है और विद्यार्थियों की उपलब्धियां उनके परिवार के साथ-साथ पूरे पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय होती हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने छात्रों को अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए आगे बढ़ने की सलाह दी। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्र-छात्राओं की भी सराहना की गई।









