अम्बेडकरनगर। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और मरीजों के अनुकूल बनाने को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासी निकाय रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद की उपस्थिति में हुई बैठक में जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय संसाधनों, मानव संसाधन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला अस्पताल की ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं, चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा अस्पतालों के संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति और आवश्यक सुधारों की जानकारी प्रस्तुत की।
हीटवेव के बीच मरीजों की सुविधा पर विशेष फोकस
भीषण गर्मी और हीटवेव की परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय के वार्डों और अन्य आवश्यक स्थानों पर जरूरत के अनुसार कूलर स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
अस्पताल परिसर में पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने की पहल
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ, एक एनेस्थेटिस्ट और एक ईएमओ को नियमानुसार संबद्ध किए जाने के निर्देश दिए।









